सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर कनखल पुलिस पहुंची आरोपी तक, दूसरा फरार बदमाश अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर
हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र में व्यापारी को तमंचे के दम पर धमकाकर मारपीट करने और स्कूटी लूटने के मामले में पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को बैरागी कैंप क्षेत्र से चेकिंग के दौरान दबोचा। मामले में एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 30 जून 2026 को कनखल निवासी व्यापारी दीपक सिंघल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि तीन अज्ञात बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनके साथ मारपीट की और उनकी स्कूटी लूटकर फरार हो गए। मामले में कनखल थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के साथ ही थाना क्षेत्र से लेकर लक्सर तक लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
लगातार सुरागरसी और पतारसी के बाद पुलिस टीम को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसी आधार पर 17 सितंबर को बैरागी कैंप क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मन्नु पुत्र शेर सिंह, निवासी ग्राम भुरना, थाना कोतवाली लक्सर, हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार घटना में शामिल एक आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं फरार चल रहे एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।


