सोशल मीडिया पर महिला और मुख्यमंत्री के खिलाफ टिप्पणी करने का भी आरोप, मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने की शिकायत
देहरादून। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून के कोतवाली पटेल नगर में एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। एक महिला ने शिकायत देकर आरोप लगाया कि उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर उसके और मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की। आरोप है कि इसके बाद महिला की 17 वर्षीय नाबालिग बेटी को लेकर भी आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। शिकायत में परिवार को जान से मरवाने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस ने आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देवऋषि एनक्लेव, देहरखास निवासी महिला ने 12 सितंबर को कोतवाली पटेल नगर में तहरीर दी। महिला के मुताबिक, 10 सितंबर को उर्मिला सनावर ने फेसबुक पर मुख्यमंत्री के साथ लगी उसकी प्रोफाइल फोटो को लेकर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की। शिकायत में आरोप है कि उर्मिला ने महिला का मोबाइल नंबर भी फेसबुक के माध्यम से सार्वजनिक कर दिया और उसके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की।
महिला ने पुलिस को बताया कि जब उसने इस टिप्पणी का विरोध किया तो उसे कथित तौर पर धमकी भरे अंदाज में जवाब दिया गया। इसके बाद एक दूसरी फेसबुक आईडी से महिला की 17 वर्षीय नाबालिग बेटी के खिलाफ भी कथित तौर पर आपत्तिजनक और मानसिक आघात पहुंचाने वाली टिप्पणी की गई। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उर्मिला की ओर से महिला की एक मित्र को फोन कर उसे और उसके बच्चों को जान से मरवाने की धमकी दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पटेल नगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली पटेल नगर के प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया गया है कि उर्मिला सनावर के खिलाफ यह छठा मुकदमा है। इससे पहले देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में दो, डालनवाला में एक तथा हरिद्वार जिले के बहादराबाद और ज्वालापुर में एक-एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।


