ठेके कारोबारी अमन हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़, एक आरोपी घायल, दो की तलाश जारी

हरिद्वार। ठेके कारोबारी अमन की हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए रविवार देर रात मुठभेड़ के दौरान एक संदिग्ध आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। घायल आरोपी की पहचान सौरभ पुत्र देशराज निवासी ढंडेरा के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में घायल आरोपी ने अमन की हत्या में तीन लोगों के शामिल होने की बात बताई है।


पुलिस के मुताबिक, अमन की हत्या के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर लगातार दबिश और तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 23 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति नगला इमरती की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया।


नगला इमरती के पास पुलिस टीम ने बाइक सवार तीनों आरोपियों को घेरकर पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से सौरभ घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।


पुलिस ने घायल सौरभ को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पूछताछ के दौरान सौरभ ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि 22 अगस्त को हुई अमन की हत्या में वह और उसके दो अन्य साथी शामिल थे। पुलिस अब उसके बताए तथ्यों के आधार पर मामले की जांच और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।


फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में कांबिंग अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।


पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अमन हत्याकांड की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग और आरोपी द्वारा दिए गए बयानों की भी नियमानुसार जांच की जाएगी। मामले में फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद हत्या की वजह और घटना में उनकी भूमिका के संबंध में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *