न्यूज अपडेट :अमन हत्याकांड, मुठभेड़ में एक आरोपी घायल, फरार दोनों आरोपी भी गिरफ्तार

हरिद्वार। ठेके कारोबारी अमन की हत्या के मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीनों कथित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। 23 अगस्त की देर रात नगला इमरती के पास पुलिस और बाइक सवार तीन संदिग्धों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सौरभ पुत्र देशराज निवासी ढंडेरा घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुठभेड़ के दौरान मौके से फरार हुए उसके दोनों साथियों को भी पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस के अनुसार, अमन की हत्या के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन कर लगातार दबिश और तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 23 अगस्त की रात मुखबिर से सूचना मिली कि बाइक सवार तीन संदिग्ध नगला इमरती की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू किया।


नगला इमरती के पास पुलिस टीम ने बाइक सवार तीनों को घेरकर पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सौरभ घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगने की बात सामने आई है। पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।


पुलिस के मुताबिक, उपचार के दौरान पूछताछ में सौरभ ने कथित तौर पर अमन की हत्या में अपने दो अन्य साथियों के साथ शामिल होने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने फरार दोनों आरोपियों की तलाश में कांबिंग अभियान चलाया और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्पित सैनी पुत्र कुलबीर सैनी, निवासी ग्राम ठसका, कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार, उम्र 19 वर्ष तथा दीप यादव पुत्र जोगिंदर यादव, निवासी मातावाला हसन बाग, कस्बा लंढौरा, कोतवाली मंगलौर, उम्र 19 वर्ष के रूप में हुई है।


इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने अमन हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे तीनों आरोपियों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह, घटना में प्रयुक्त हथियारों और आरोपियों की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *