सड़क हादसे में गंगाजल लेने जा रहे युवक की मौत, दो बाइकों को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर

हरिद्वार। जिले के रुड़की क्षेत्र में शनिवार को गंगाजल लेने हरिद्वार जा रहे चार युवकों की दो बाइकों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।


जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त को चार युवक दो बाइकों पर सवार होकर भगवानपुर की ओर से हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहे थे। हकीमपुर तुर्रा गांव के पास पहुंचते ही एक अज्ञात वाहन ने दोनों बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए।


हादसे में नन्हे लाल पुत्र चेतराम (32 वर्ष), निवासी बंदायू, उत्तर प्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बृजपाल पुत्र रामपाल (40 वर्ष), निवासी फरीदपुर, बरेली और साहिब सिंह पुत्र जगदीश (33 वर्ष), निवासी बिजौली, बंदायू गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सन्दीप पुत्र जगदीश, निवासी बिजौली, बंदायू को साधारण चोटें आई हैं। बताया गया कि चारों युवक हिमाचल प्रदेश में रह रहे थे।


हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *