विनोद धीमान
हरिद्वार। जमीन के नाम पर पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी, फर्जी इकरारनामा करने और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पथरी पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया है। मुस्तफाबाद पदार्था निवासी गुलशेर की शिकायत पर फेरूपुर रामखेड़ा निवासी शहीद और उसके दो बेटों सुहेल व साहिल को नामजद किया गया है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी शहीद ने खसरा संख्या 40/3 की दस बिस्वा जमीन को अपनी बताते हुए उससे और उसके हिस्सेदार सुलेमान से पांच लाख रुपये में सौदा किया था। आरोप है कि तीन लाख रुपये बयाने के तौर पर और दो लाख रुपये बाद में दिए गए। इसके बाद जमीन का कब्जा भी दे दिया गया, लेकिन आरोपी ने बैनामा कराने के बजाय लगातार टालमटोल की।
आरोप है कि जानकारी जुटाने पर पता चला कि जमीन शहीद के नाम थी ही नहीं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने इसी जमीन के संबंध में अन्य लोगों के साथ भी अलग-अलग इकरारनामे किए और कुछ लोगों के नाम विक्रय पत्र तक कर दिए।
पीड़ित का आरोप है कि 11 अक्तूबर 2025 को जब उसने रकम वापस करने या जमीन का बैनामा कराने की मांग की तो शहीद और उसके दोनों बेटों ने गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पहले पुलिस चौकी और एसएसपी कार्यालय में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली।
कोर्ट के आदेश के बाद पथरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इकरारनामे, भुगतान, जमीन के स्वामित्व और अन्य लोगों के साथ किए गए कथित सौदों से जुड़े दस्तावेजों की जांच करेगी।
थाना पथरी प्रभारी रविंद्र कुमार का कहना है कि फर्जी जमीन विक्रय के मामले में न्यायालय के आदेश पर फेरूपुर रामखेड़ा निवासी शहीद और उसके दो बेटों सुहेल व साहिल को नामजद किया गया है।मामले की जांच की जा रही है


