ज्योतिर्मठ-मलारी मार्ग पर तमक नाले में अचानक आया सैलाब, नीती घाटी का संपर्क बाधित
चमोली। भारत-चीन सीमा से सटी नीती घाटी में सोमवार शाम अचानक आए तेज जलसैलाब ने भारी तबाही मचा दी। ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमक नाले में आए उफान की चपेट में आने से एक वैली ब्रिज देखते ही देखते बह गया। इसके साथ ही एक वाहन के भी तेज बहाव में बहने की सूचना है।
बताया जा रहा है कि तमक क्षेत्र में कुछ ही समय के अंतराल में कई बार अत्यधिक बारिश हुई, जिसके बाद नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया। पानी का बहाव इतना तेज था कि नाले पर बना वैली ब्रिज भी इसकी चपेट में आ गया और कुछ ही पलों में पानी के साथ बह गया।

BRO ऑपरेटर के लापता होने की सूचना
घटना के बाद सीमा सड़क संगठन के एक ऑपरेटर के लापता होने की सूचना सामने आई है। प्रशासन के अनुसार, ऑपरेटर मशीन पर काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक तेज बारिश और पानी का बहाव बढ़ने से वह मौके से लापता हो गया। उसके तेज बहाव में बहने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक स्थिति राहत एवं बचाव टीमों की खोजबीन के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। तेज बहाव के बीच वाहन और मशीनें फंसी नजर आ रही हैं। अचानक आए सैलाब ने पूरे इलाके को पानी और मलबे की चपेट में ले लिया।
नीती घाटी का सड़क संपर्क प्रभावित
वैली ब्रिज बहने से नीती घाटी की ओर आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हो गई है। सीमांत क्षेत्र का जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क भी बाधित होने की सूचना है। प्रशासन ने लोगों से मौसम सामान्य होने और मार्ग की स्थिति स्पष्ट होने तक नीती घाटी की ओर आवाजाही नहीं करने की अपील की है।
SDRF-NDRF समेत राहत टीमें रवाना
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। SDRF, NDRF, आपदा प्रबंधन और संबंधित विभागों की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए घटनास्थल की ओर रवाना की गई हैं। टीमों के मौके पर पहुंचने के बाद लापता कर्मचारी की तलाश के साथ ही नुकसान का आकलन किया जाएगा।
उधर, भारी बारिश के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर भी बढ़ने की सूचना है। पुलिस और प्रशासन की ओर से नदी एवं नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क किया जा रहा है और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
मौसम अलर्ट के बीच हादसे ने बढ़ाई चिंता
उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच सीमांत चमोली में सामने आई यह घटना बेहद चिंताजनक है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी-नालों के आसपास जाने से बचें और मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा न करें।


