हरिद्वार। कांवड़ मेले के बीच हरकी पैड़ी के पास एक बार फिर गंगा का तेज बहाव जानलेवा साबित हुआ। रविवार को धनुष पुल के नीचे रेलिंग पार कर गंगा में स्नान कर रहा एक कांवड़िया अचानक तेज धारा की चपेट में आ गया और देखते ही देखते गहरे पानी में लापता हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कांवड़िया रेलिंग के बाहर खड़े होकर गंगा में डुबकी लगा रहा था। जैसे ही उसने पानी में छलांग लगाई, तेज बहाव उसे अपने साथ बहा ले गया। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह नजरों से ओझल हो चुका था।
सूचना मिलते ही जल पुलिस और पीएसी की राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। बोट और अन्य संसाधनों की मदद से गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। पुलिस आसपास मौजूद लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
प्रशासन लगातार कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से तेज बहाव वाले क्षेत्रों और प्रतिबंधित स्थानों पर स्नान नहीं करने की अपील कर रहा है। इसके बावजूद कुछ श्रद्धालु सुरक्षा रेलिंग पार कर खतरनाक स्थानों पर पहुंच रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ रहा है।
सीओ सिटी हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि गंगा में डूबे कांवड़िए की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे केवल सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें और प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें। प्रशासन और जल पुलिस की ओर से लगातार सुरक्षा अपील के बावजूद हादसे सामने आ रहे हैं।


