कांवड़ पटरी पर नहाने से लेकर शौचालय तक पुख्ता इंतजाम
हरिद्वार। कांवड़ यात्रा अपने अंतिम पड़ाव पर है, लेकिन हरिद्वार में आस्था का सैलाब लगातार उमड़ रहा है। लाखों शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। भीषण गर्मी और लंबी यात्रा के बीच प्रशासन की ओर से कांवड़ियों को मिल रही सुविधाएं राहत का बड़ा सहारा बन रही हैं। कांवड़ पटरी मार्ग पर नहाने और शौचालयों की बेहतर व्यवस्था को लेकर पानीपत से आए शिवभक्तों ने जिला प्रशासन और जिला पंचायत की जमकर सराहना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ यात्रा को लेकर विभिन्न विभागों द्वारा व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखा गया है। जिला पंचायत की ओर से कांवड़ पटरी मार्ग पर जगह-जगह कांवड़ियों के लिए नहाने की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही पर्याप्त संख्या में शौचालयों की व्यवस्था की गई है। शौचालयों की नियमित साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत महेश विशनोई ने बताया कि कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न कांवड़ पड़ावों पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नहाने की पर्याप्त व्यवस्था से लंबी दूरी तय कर पहुंच रहे शिवभक्तों को गर्मी में काफी राहत मिल रही है।
हरियाणा के पानीपत से कांवड़ लेने पहुंचे शिवभक्तों ने कांवड़ पटरी मार्ग पर नहाने की सुविधा और शौचालयों में साफ-सफाई की व्यवस्था की खुले दिल से प्रशंसा की। कांवड़ियों ने कहा कि यात्रा के दौरान इस तरह की सुविधाएं मिलने से काफी राहत मिल रही है। उन्होंने बेहतर व्यवस्थाओं के लिए जिला प्रशासन और जिला पंचायत का आभार भी जताया।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण तक श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।


