हरिद्वार में मेडिकल स्टोरों पर छापा, जेल का निरीक्षण और किशोर न्याय बोर्ड में विधिक सहायता हेल्प डेस्क का शुभारंभ

हरिद्वार। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग, औषधि निरीक्षक एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को ज्वालापुर के सुभाषनगर स्थित मेडिकल स्टोरों और कन्फेक्शनरी दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी दवाओं, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई।


जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेंद्र दत्त के निर्देश पर हुई कार्रवाई में प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) सिमरनजीत कौर ने जिन मेडिकल स्टोरों में अनियमितताएं पाई गईं, उनके विरुद्ध औषधि निरीक्षक और स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।


इसके बाद सचिव सिमरजीत कौर ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आवश्यक विधिक सलाह प्रदान की। साथ ही बैरकों की साफ-सफाई तथा पाकशाला में भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जेल में कार्यरत प्राधिकरण के अधिकार मित्रों को बंदियों की विधिक प्रक्रिया से संबंधित पत्राचार समयबद्ध ढंग से करने के निर्देश दिए।


इसी क्रम में किशोर न्याय बोर्ड परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्थापित विधिक सहायता हेल्प डेस्क का उद्घाटन सचिव सिमरनजीत कौर और किशोर न्याय बोर्ड की प्रधान मजिस्ट्रेट कंचन चौधरी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।


इस अवसर पर सचिव सिमरनजीत कौर ने कहा कि हेल्प डेस्क की स्थापना से आमजन तथा किशोर न्याय बोर्ड में आने वाले पात्र व्यक्तियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *