हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत आत्महत्या के दुष्प्रेरण के एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महिला सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में मृतका का पति, ससुर और सास शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई कर उनका चालान कर दिया है, जबकि मामले में नामजद एक अन्य आरोपित की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई को झबरेड़ा क्षेत्र के नई मंडी निवासी नीटूराम पुत्र स्वर्गीय बाबूराम ने कोतवाली कलियर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री को उसके ससुराल पक्ष द्वारा लगातार गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि ससुराल वालों की प्रताड़ना के चलते उसकी मृत्यु हो गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने लगातार दबिश और मुखबिर तंत्र की सहायता से ग्राम हबीबपुर निवादा से मामले में वांछित तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों में बंसत कुमार पुत्र विनय कुमार (पति), विनय कुमार पुत्र शोभाराम (ससुर) तथा एक महिला (सास) शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85 एवं 108 के तहत गिरफ्तार कर उनका चालान कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद अंकित कुमार (देवर) की तलाश भी जारी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


