लूटकांड का खुलासा: भैंस खरीदने आए युवक से एक लाख की लूट, महिला समेत पांच आरोपी गिरफ्तार, ₹80 हजार व तमंचा बरामद

विनोद धीमान
हरिद्वार।
पुलिस ने भैंस खरीदने आए एक युवक से एक लाख रुपये की लूट के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 80 हजार रुपये नकद, एक तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपियों पर लूट के साथ-साथ मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप हैं।

पुलिस के अनुसार, 20 जुलाईको इमरान पुत्र अल्लादिया निवासी ग्राम सिहचंदी, थाना भगवानपुर ने कोतवाली लक्सर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 14 जुलाई 2026 को चार अज्ञात व्यक्तियों ने उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और एक लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। इस संबंध में कोतवाली लक्सर में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लक्सर को मामले के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद गठित पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं तथा मैनुअल जांच के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ते हुए पहले 28 जुलाई को एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया। महिला के कब्जे से उसके हिस्से में आए 10 हजार रुपये बरामद किए गए। पूछताछ में महिला ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा करते हुए अन्य आरोपियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बाकी चारों आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस की लगातार दबिश, निगरानी और मुखबिर तंत्र की सक्रियता के चलते लक्सर क्षेत्र से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की रकम में से 80 हजार रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा मुख्य आरोपी सुधांशु उर्फ काका के पास से एक अवैध 315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधांशु उर्फ काका पुत्र अवदेश उर्फ बाबूराम निवासी ग्राम अकौढ़ा खुर्द, वंश पुत्र देवेंद्र निवासी ग्राम कंकरखाता, अनुज पुत्र मामचंद निवासी ग्राम अकौढ़ा खुर्द तथा आकाश पुत्र मेनपाल निवासी ग्राम अकौढ़ा खुर्द, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *