हरिद्वार में नकली पनीर फैक्ट्री पर छापा, 50 किलो पनीर नष्ट, दूध पाउडर और फॉस्फेट से हो रहा था निर्माण

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य पदार्थों में मिलावट और अवैध खाद्य निर्माण इकाइयों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामपुर थाना पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कांगड़ी स्थित गुर्जर डेयरी पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की।


छापेमारी के दौरान टीम को डेयरी में बिक्री के लिए रखा लगभग 50 किलोग्राम संदिग्ध पनीर मिला। पूछताछ में डेयरी संचालक इमादत अली के भाई सराफत अली ने बताया कि पनीर के निर्माण में दूध पाउडर और फॉस्फेट का उपयोग किया गया था। मौके से मिल्क पाउडर के करीब 50 खाली पैकेट भी बरामद किए गए, जिन्हें टीम ने जब्त कर लिया।


खाद्य सुरक्षा विभाग ने पनीर और निर्माण में प्रयुक्त दूध के दो नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिए हैं। नमूना लेने के बाद बचा हुआ करीब 49 किलोग्राम पनीर जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।


निरीक्षण में यह भी सामने आया कि डेयरी संचालक रिटेल व्यवसाय के लिए जारी खाद्य लाइसेंस पर ही दुग्ध उत्पादों का निर्माण कर रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है। इस पर वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने संचालक इमादत अली और उनके भाई सराफत अली को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नोटिस जारी किया।


इस संयुक्त कार्रवाई में श्यामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नितेश शर्मा, एसआई रविंद्र गौड़, कांस्टेबल मनमोहन सैनी, सुशील, खाद्य सुरक्षा विभाग के उपायुक्त (गढ़वाल मंडल) राजेंद्र सिंह रावत, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, पवन कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *