हरिद्वार। श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़े ने शिवशक्ति धाम डासना के पीठाधीश्वर एवं अखाड़े के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी महाराज की शिष्या डॉ. उदिता त्यागी को महामंडलेश्वर घोषित किया। हरिहर आश्रम, कनखल में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज ने उन्हें संन्यास परंपरा के अनुसार ‘प्रत्यंगिरा गिरी’ नाम प्रदान किया।
कार्यक्रम में अखाड़े के वरिष्ठ अध्यक्ष श्रीमहंत स्वामी प्रेम गिरी महाराज, अंतरराष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहंत स्वामी महेश पुरी महाराज सहित अनेक संत उपस्थित रहे। धार्मिक विधि-विधान के साथ अभिषेक संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज ने कहा कि संन्यासी का मूल कर्तव्य सनातन धर्म की रक्षा और उसके मूल्यों के प्रति समर्पित रहना है। उन्होंने यति नरसिंहानंद गिरी महाराज को जूना अखाड़े का अभिन्न अंग बताते हुए उनके संघर्ष का उल्लेख किया।
अभिषेक के बाद महामंडलेश्वर यति मां प्रत्यंगिरा गिरी ने यति नरसिंहानंद गिरी महाराज एवं अन्य संतों के साथ माया देवी मंदिर और आनंद भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने सनातन धर्म के प्रति समर्पण व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान यति नरसिंहानंद गिरी महाराज ने घोषणा की कि महामंडलेश्वर यति मां प्रत्यंगिरा गिरी को श्री महाकाली पीठ हनुमत धाम, मुरादनगर का पीठाधीश्वर भी नियुक्त किया गया है।


