विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर पुलिस ने माइनिंग टीम पर जानलेवा हमला करने के बहुचर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से आरोपित गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना और लगातार की गई दबिश के आधार पर चारों को गिरफ्तार किया, जबकि अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को केआरबीएम एलएलपी की फील्ड टीम के इंचार्ज तेजा साई ने कोतवाली लक्सर में तहरीर देकर बताया था कि ग्राम मुण्डाखेड़ा में माइनिंग टीम पर खुलेआम जान से मारने की नीयत से हमला किया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी लक्सर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक लक्सर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी। आखिरकार चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में दीपक कुमार निवासी रायसी, सारुन निवासी केडी खुर्द, रामू निवासी कंकरखाता तथा हरविन्द्र निवासी मुण्डाखेड़ा खुर्द शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश कर दिया है।
क्षेत्राधिकारी लक्सर देवेंद्र सिंह ने बताया कि माइनिंग टीम पर हमला कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाला गंभीर अपराध है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल शेष फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


