हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार में आयोजित आम महोत्सव में कहा कि किसान उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत हैं और राज्य सरकार उनकी आय बढ़ाने के लिए कृषि व बागवानी को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार विकास की तेज रफ्तार यात्रा में नई पहचान बनाएगा।
मुख्यमंत्री ने आम की विभिन्न प्रजातियों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया, किसानों से संवाद किया और कहा कि हरिद्वार के आम स्वाद और गुणवत्ता के मामले में किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि आम महोत्सव जैसे आयोजन स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और किसानों को नई पहचान दिलाने का प्रभावी माध्यम हैं।
धामी ने बताया कि कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने के लिए एप्पल मिशन के तहत 70 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। इसके साथ ही कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट उत्पादन, महक क्रांति तथा सुगंधित एवं औषधीय पौधों पर आधारित उद्योगों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक परफ्यूम की देश-विदेश में मांग लगातार बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शुरू किए गए हिमालय ब्रांड के माध्यम से उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा तैयार उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है। बेहतर गुणवत्ता और आकर्षक पैकेजिंग से स्थानीय उत्पादों की ब्रांड वैल्यू लगातार बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून जैसे ऐतिहासिक फैसले लेकर नई मिसाल कायम की है। मदरसा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए नया शिक्षा प्राधिकरण भी गठित किया गया है, जिसमें विभिन्न अल्पसंख्यक समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सतत विकास, कृषि, बागवानी, मत्स्य, पर्यटन, निवेश और खनन जैसे क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है। उन्होंने बताया कि खनन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए केंद्र सरकार ने राज्य को 200 करोड़ रुपये का पुरस्कार भी प्रदान किया है।
कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिशन-2027 के लिए जुटने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने फलदार पौधा रोपित किया, आम के स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा उत्कृष्ट किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह केड़ा, प्रदीप बत्रा, पूर्व मंत्री करतार सिंह भड़ाना, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, मेयर, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी सहित बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय लोग मौजूद रहे।


