हरिद्वार। शुक्ल पक्ष के शुभारंभ के पावन अवसर पर हरिद्वार में माँ गंगा के पवित्र तट पर मास्टरजी का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गंगा सभा के अध्यक्ष एवं उत्तराखंड सरकार में राज्य मंत्री नितिन गौतम ने उन्हें गंगाजल एवं हरिद्वार धाम का प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मास्टरजी ने उपस्थित गणमान्यजनों के समक्ष अपने मिशन 800 करोड़ का उद्देश्य साझा करते हुए कहा कि आज के समय में युवाओं के बीच बढ़ता मानसिक तनाव, चिंता, अवसाद, अनिद्रा, आत्मघाती विचार और नशे की प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं। उन्होंने इन समस्याओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और प्रभावी समाधान की दिशा में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने बताया कि उनका आत्मबोध वर्षों पहले हरिद्वार में माँ गंगा की पावन साक्षी में हुआ था। इस प्रसंग ने कार्यक्रम को विशेष आध्यात्मिक आयाम प्रदान किया। इस अवसर पर गंगा सभा के महामंत्री एवं तीर्थ पुरोहित पंकज झा ने भी मास्टरजी का सम्मान करते हुए उन्हें भविष्य में भी हरिद्वार आने का आमंत्रण दिया।
मास्टरजी ने बताया कि पिछले 18 वर्षों से वे निःशुल्क अपने अनुभव और जीवन-दर्शन को लोगों तक पहुँचा रहे हैं। उनके अनुसार 10 वर्ष के बच्चों से लेकर 80 वर्ष तक के बुजुर्गों ने उनके कार्यक्रमों में सकारात्मक अनुभव प्राप्त किए हैं। इसी अनुभव के आधार पर दिसंबर 2023 में उन्होंने मिशन 800 करोड़ की शुरुआत की, जिसका उद्देश्य दुनिया के अंतिम व्यक्ति तक खुशी पहुँचाना है। मिशन का नारा है हैप्पीनेस गैरंटी। उन्होंने बताया कि अब तक वे 300 से अधिक कार्यक्रमों को संबोधित कर चुके हैं। उनके व्याख्यान भारतीय सेना, पुलिस मुख्यालय, बार एसोसिएशन, विभिन्न विश्वविद्यालयों, ग्लोबल स्पिरिचुअल महोत्सव तथा अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव जैसे मंचों पर आयोजित हो चुके हैं।
मास्टरजी का सम्मान करते गंगा सभा के पदाधिकारी


