रंजिश का खूनी खेल! रास्ता रोक युवक पर लोहे की रॉड से हमला, कई हड्डियां टूटीं सात नामजद पर मुकदमा

विनोद धीमान
हरिद्वार।
जनपद हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर कथित जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। चार जुलाई की तड़के स्कॉर्पियो सवार सात लोगों पर एक युवक का रास्ता रोककर लोहे की रॉड, लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार, रामपुर रायघटी निवासी रामकुमार ने आज तहरीर देकर बताया कि उसका भाई सतीश 4 जुलाई की सुबह करीब 3.15 बजे मोटरसाइकिल से एक परिचित से मिलने जौलीग्रांट अस्पताल जा रहा था। आरोप है कि धनपुरा स्थित टूटी पुलिया के पास पहले से स्कॉर्पियो में घात लगाए बैठे सात लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।


आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड, लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर सतीश के दोनों हाथों की कलाइयों, एक उंगली, हाथ और पैर की हड्डियां तोड़ दीं। उसके होंठ पर भी गंभीर चोट आई। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन छीनकर सड़क पर पटक दिया और कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।


शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी स्कॉर्पियो में सवार होकर भाग निकले। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायल को अस्पताल भिजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हरिद्वार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।


थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मोहित, हिमांशु, मोहित, अमित, मिथुन, रोबिन और सचिन पुत्र बिन्दर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *