ऋषिकेश। उत्तराखंड पुलिस के सब-इंस्पेक्टर विनोद शर्मा का दर्दनाक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। उनके आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों तथा परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
48 वर्षीय विनोद कुमार शर्मा वर्ष 2015 बैच के सब-इंस्पेक्टर थे और वर्तमान में मुनिकीरेती थाना क्षेत्र की शिवपुरी पुलिस चौकी के प्रभारी के रूप में तैनात थे। उनका निवास देहरादून के भानियावाला क्षेत्र में था, जहां वह अपने परिवार के साथ रहते थे। उनके छोटे भाई आशीष शर्मा भी उत्तराखंड पुलिस में सब-इंस्पेक्टर हैं और वर्ष 2016 बैच के अधिकारी हैं।
जानकारी के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर विनोद शर्मा नाइट ड्यूटी पूरी करने के बाद सोमवार सुबह लगभग सात बजे अपनी निजी स्कॉर्पियो वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनका वाहन गंगा किनारे गहरी खाई में जा गिरा। घटना की सूचना एक राहगीर ने पुलिस कंट्रोल रूम को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दुर्घटनाग्रस्त वाहन की पहचान शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद शर्मा की स्कॉर्पियो के रूप में हुई।
हालांकि, राहत एवं बचाव दल के पहुंचने तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी। उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश में रखा गया है।
विनोद शर्मा पुलिस सेवा में आने से पहले भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे।
उनके निधन की खबर से पुलिस महकमे में गहरा शोक व्याप्त है। वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने उनके निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।


