साध्वी दुर्गा आचार्य भवानी ने मिर्ची बाबा पर साधा निशाना, कानूनी कार्रवाई की दी चेतावनी
अतीक कनेक्शन के आरोप पर संतों में घमासान, साध्वी दुर्गा आचार्य ने खोला मोर्चा
हरिद्वार। संत समाज में एक नया विवाद सामने आया है। साध्वी दुर्गा आचार्य भवानी उर्फ कंचन गिरि ने अपना नाम दिवंगत माफिया अतीक अहमद से जोड़े जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर मिर्ची बाबा उर्फ वैराग्यानंद के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
वीडियो संदेश जारी करते हुए साध्वी दुर्गा आचार्य भवानी ने कहा कि उनके बारे में लगाए गए आरोप निराधार हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि उनके और अतीक अहमद के बीच किसी प्रकार का संबंध साबित नहीं होता है, तो वह वैराग्यानंद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगी और उन्हें जेल भिजवाने तक संघर्ष जारी रखेंगी। उन्होंने कहा कि यह वही वैराग्यानंद है, जो रेप के मामले में जेल जा चुका है।
कहा कि अखाड़ों में अपराधी प्रवृत्ति के लोगों को महत्वपूर्ण पद दिए जा रहे हैं, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने रेप के आरोप में जेल गए मिर्ची बाबा को निरंजनी अखाड़े का महामंडलेश्वर बनाए जाने पर अखाड़ा ओर उसके पदाधिकारियों को बधाई दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए साध्वी ने कहा कि संत समाज में कथित रूप से शामिल आपराधिक तत्वों की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि संतों और धार्मिक संस्थाओं की संपत्तियों एवं आय के स्रोतों की जांच कराई जाए। एक एक संत महात्मा के पास 10-10 गाड़ियां हैं, जिनकी कीमत करोड़ों रुपए है, ये पैसा कहां से आया इसकी भी जांच कराई जानी चाहिए।
साध्वी दुर्गा आचार्य भवानी ने आरोप लगाया कि उन्हें वैराग्य नंद की ओर से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें किसी प्रकार की हानि पहुंचती है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित लोगों की होगी।
उन्होंने कहा कि मिर्ची बाबा अतीक से संबंध साबित करे या फिर जेल जाने के लिए तैयार रहे। उन्होंने कहा की उन्हें भवानी की कसम है, जब तक वह वैराग्यानंद को जेल नहीं भिजवा दें तब तक वह चैन की सांस नहीं लेंगी।
उधर, इस पूरे मामले में वैराग्य नंद उर्फ मिर्ची बाबा की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
संत समाज के दो प्रमुख चेहरों के बीच बढ़े इस विवाद ने धार्मिक और सामाजिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।


