ग्राम खाला टीहरा को मिली बड़ी सौगात, 78 लाख की पेयजल नलकूप योजना को मिली मंजूरी

हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खाला टीहरा में पेयजल संकट के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश सरकार ने 78 लाख रुपये की लागत से नए पेयजल नलकूप (ट्यूबवेल) निर्माण योजना को वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। शासनादेश जारी होने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।


रानीपुर विधायक आदेश चौहान के प्रयासों और प्रस्ताव पर स्वीकृत इस योजना से ग्राम खाला टीहरा के लोगों को पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। विधायक ने इस उपलब्धि के लिए पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनहित के कार्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ‘हर घर नल से जल’ के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।


विधायक आदेश चौहान ने बताया कि शासनादेश जारी होने के बाद विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही नलकूप निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को जल्द से जल्द योजना का लाभ मिल सके।


उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से ग्राम खाला टीहरा में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या का समाधान होगा और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार आएगा। साथ ही उन्होंने दोहराया कि भाजपा सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए कार्य कर रही है तथा बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *