पीएम-सीएम पर विवादित टिप्पणी करने वाला युवक गिरफ्तार

हरिद्वार। सोशल मीडिया पर भारत के प्रधानमंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग कर वीडियो प्रसारित करने वाले एक युवक को सिडकुल पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे पकड़ लिया।


पुलिस के अनुसार, 31 मई को रोशनाबाद निवासी बिंदरपाल पुत्र चंद्रभान पाल ने थाना सिडकुल में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री भारत सरकार और मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गई थीं।


तहरीर के आधार पर थाना सिडकुल में मुकदमा अपराध संख्या 221/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(2) और 352 के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की जांच उपनिरीक्षक देवेंद्र चौहान को सौंपी गई।


प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। विवेचना के दौरान वीडियो प्रसारित करने वाले युवक की पहचान अतीक अहमद पुत्र शमशुल हसन निवासी रोशनाबाद, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया।


सिडकुल पुलिस ने बताया कि आरोपित के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि किसी भी सार्वजनिक मंच पर आपत्तिजनक, भड़काऊ अथवा कानून का उल्लंघन करने वाली सामग्री प्रसारित करने से बचें, अन्यथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *