हरिद्वार। पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पेट्रोल पंप लूट मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई है। आरोपित के कब्जे से लूटी गई धनराशि का कुछ हिस्सा भी बरामद किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्सर निवासी मौ. मन्नान ने कोतवाली मंगलौर में शिकायत दर्ज कराई थी कि तीन अज्ञात बदमाशों ने उनके पेट्रोल पंप पर पहुंचकर 25,300 की नकदी लूट ली और विरोध करने पर मारपीट कर फरार हो गए। इस संबंध में कोतवाली मंगलौर में धारा 309(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने मामले की जांच तेज करते हुए विभिन्न डिजिटल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान अंकुश उर्फ भौंदा पुत्र पप्पू, निवासी ग्राम नजरपुरा, थाना कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 3,700 बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल दो अन्य आरोपित अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही शेष आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।


