देर रात एक सनसनीखेज हत्या की वारदात हल्द्वानी के टांडा जंगल क्षेत्र में सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। वन विभाग में संविदाकर्मी के रूप में कार्यरत 50 वर्षीय मेवा लाल की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। हमलावर ने कुल्हाड़ी से गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस को मृतक के एक करीबी साथी पर हत्या का शक है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना हल्द्वानी कोतवाली के टीपी नगर चौकी क्षेत्र स्थित टांडा जंगल की है। देर रात पुलिस को सूचना मिली कि जंगल के भीतर एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान मेवा लाल के रूप में हुई, जो वन विभाग में संविदा कर्मी के तौर पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि मेवा लाल मूल रूप से कौशांबी का निवासी था और लंबे समय से हल्द्वानी में रहकर नौकरी कर रहा था।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई। हमलावर ने धारदार हथियार से गर्दन पर कई वार किए, जिससे मौके पर ही मेवा लाल की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जंगल से फरार हो गया। पुलिस को आशंका है कि हत्या के पीछे आपसी विवाद या पुरानी रंजिश कारण हो सकती है।
घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और संभावित आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
मामले में सीओ अमित कुमार सैनी ने बताया कि टांडा जंगल क्षेत्र में वन विभाग के संविदा कर्मी की धारदार हथियार से हत्या की गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


