हरिद्वार। अखिल भारतीय स्टेट बैंक कर्मचारी संघ AISBISF (ऑल इंडिया स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ फेडरेशन) ने अपनी लंबित 16 सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को भारतीय स्टेट बैंक क्षेत्रीय कार्यालय-5, भेल सेक्टर-1 हरिद्वार के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने दोपहर 2 बजे ध्वनिमत नारों के साथ प्रदर्शन करते हुए बैंक प्रबंधन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन के बाद शाम 6 बजे क्षेत्रीय कार्यालय के सामने कर्मचारियों ने कैंडल मार्च निकालकर न्याय की मांग उठाई। इस दौरान संगठन की ओर से आगामी 25 और 26 मई 2026 को दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल करने की घोषणा भी की गई।
संघ के क्षेत्रीय सचिव जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में विभिन्न शाखाओं से पहुंचे कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार नारेबाजी की। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में संदेश वाहकों और बैंक गार्ड की नियुक्ति, NPS कर्मचारियों को पेंशन फंड मैनेजर चुनने का विकल्प, पेंशन विसंगतियों को दूर करना, आउटसोर्सिंग पर रोक, वर्ष 2019 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए इंटर सर्किल ट्रांसफर प्रक्रिया दोबारा शुरू करना, कैरियर प्रोग्रेशन स्कीम की समीक्षा तथा क्रॉस सेलिंग के दौरान गलत तरीके से उत्पाद बेचने यानी मिस सेलिंग पर रोक लगाने की मांग शामिल रही।
इसके अलावा कर्मचारियों ने बैंक बोर्ड में कर्मचारी निदेशक की नियुक्ति की मांग भी प्रमुखता से उठाई। संघ पदाधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से इन मांगों की अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते कर्मचारियों में भारी नाराजगी है।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। शनिवार और रविवार की छुट्टी के बाद 25 और 26 मई को बैंक कर्मचारी पूर्ण हड़ताल पर रहेंगे।
प्रदर्शन का नेतृत्व क्षेत्रीय सचिव जितेंद्र कुमार एवं संगठन सचिव रीना कटियार ने किया। इस दौरान अमित बिष्ट, मीनू सैनी, प्रतिमा कुमारी, नीता सिंह, नीता गौतम, कविंद्र सिंह, नवीन प्रजापति, यशपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।


