पिता-पुत्र पर करोड़ों की जमीन हड़पने का आरोप, धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज

हरिद्वार। चर्चित प्रॉपर्टी डीलर रवि चौहान और उसके पुत्र ऋषभ चौहान की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। चर्चाओं में रहने वाले रवि चौहान पर अब जमीन हड़पने और विश्वासघात कर करोड़ों की धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगा है। अधिवक्ता विर्क की पत्नी रिचपाल कौर की शिकायत पर ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इससे पहले भी रवि चौहान का नाम एचआरडीए में जमा एफडीआर को कथित रूप से फर्जी तरीके से निकालने के मामले में सामने आ चुका है। उस मामले में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी, हालांकि आरोपी फरार बताया जा रहा है। पहले मुकदमे में हाईकोर्ट से सशर्त स्टे मिलने के बाद राहत जरूर मिली थी, लेकिन अब दूसरे मुकदमे के दर्ज होने से उसकी कानूनी परेशानियां और बढ़ गई हैं।

शिकायतकर्ता रिचपाल कौर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पति अधिवक्ता विर्क ने अपने जीवनकाल में रवि चौहान के साथ मिलकर ज्वालापुर-रानीपुर झाल क्षेत्र में ड्रीम सिटी नामक कॉलोनी विकसित की थी। कॉलोनी में विर्क परिवार की काफी भूमि शेष थी। कौर का आरोप है कि पति की मृत्यु के बाद जब वह अपने तीन बच्चों, जिनमें एक छह माह की बेटी भी शामिल थी, के पालन-पोषण में व्यस्त थीं, उसी दौरान रवि चौहान ने उनकी परिस्थितियों का फायदा उठाया। आरोप है कि उसने ग्राम सलेमपुर महदूद में नई आवासीय परियोजना शुरू करने और उसमें साझेदारी देने का झांसा देकर विश्वास में लिया।

करोड़ों की जमीन कम कीमत में कराई अपने नाम
एफआईआर के अनुसार, 12 सितंबर 2019 को रवि चौहान ने रानीपुर क्षेत्र की लगभग 31 हजार वर्गफुट भूमि अपने नाम बैनामा कराई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जमीन की वास्तविक कीमत करोड़ों में थी, लेकिन दस्तावेजों में केवल 18 लाख 82 हजार रुपये और 15 लाख 30 हजार रुपये दर्शाए गए। तहरीर के मुताबिक, उक्त रकम विजया बैंक हरिद्वार के चेक के माध्यम से खाते में डाली गई, लेकिन उसी दिन दूसरी जमीन में निवेश कराने का झांसा देकर वापस ले ली गई। आरोप है कि रवि चौहान ने यह रकम अपने खाते में नकद करा ली।

बेटे के नाम कर दी जमीन
रिचपाल कौर ने आरोप लगाया कि बैनामा कराने के बाद रवि चौहान ने संबंधित जमीन अपने पुत्र ऋषभ चौहान के नाम दानपत्र के माध्यम से ट्रांसफर कर दी। अब उसी जमीन को बेचा जा रहा है, जिसकी वर्तमान बाजार कीमत लगभग 9 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी पिता-पुत्र ने परिवार की अन्य संपत्तियों, जिनमें पेटलवुड और पेंटागन मॉल के पास की जमीनें शामिल हैं, को भी कथित रूप से बहला-फुसलाकर हड़प लिया। शिकायतकर्ता ने इसे करोड़ों रुपये की सुनियोजित धोखाधड़ी बताया है।

पुलिस ने शुरू की जांच
ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर रवि चौहान और ऋषभ चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों और बैंक लेन-देन की जांच की जा रही है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *