देहरादून। शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक उप शिक्षा अधिकारी और एक महिला को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत छात्रों की फीस प्रतिपूर्ति के बिल पास कराने के एवज में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत सतर्कता विभाग को मिली थी। शिकायत की जांच के बाद सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने 1 अप्रैल को जाल बिछाकर कार्रवाई की।
ट्रैप के दौरान उप शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी डोईवाला धनवीर सिंह बिष्ट और उनकी सहयोगी पुष्पांजलि को शिकायतकर्ता से 1,00,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
बताया गया है कि यह रिश्वत राशि गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल, ऋषिकेश में अध्ययनरत छात्रों की फीस प्रतिपूर्ति के बिल पास कराने के एवज में मांगी गई थी।
कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सतर्कता विभाग की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और यह साफ संदेश गया है कि सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


