विनोद धीमान
हरिद्वार। बार एसोसिएशन लक्सर की महासभा सोमवार को बार भवन में अध्यक्ष उदय पाल पंवार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में लेखपाल रिशू राज राणा, कानूनगो रमेशचंद्र तथा उपजिलाधिकारी लक्सर से जुड़े प्रकरणों पर विस्तृत चर्चा की गई।
महासभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वर्तमान में रजिस्ट्रार कार्यालय एवं राजस्व न्यायालय के बहिष्कार को अस्थायी रूप से स्थगित किया जाए। साथ ही प्रशासन को समस्याओं के समाधान हेतु 15 दिन की समय-सीमा दी गई है। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में संतोषजनक समाधान नहीं हुआ, तो बहिष्कार एवं आंदोलन को पुनः शुरू किया जाएगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष उदय पाल पंवार ने कहाकि अधिवक्ताओं का सम्मान और वादकारियों के हित हमारे लिए सर्वोपरि हैं। प्रशासन को 15 दिन का समय दिया गया है, इसके बाद मजबूरन कड़े कदम उठाए जाएंगे।
महासभा में यह भी निर्णय लिया गया कि बहिष्कार स्थगन संबंधी पत्र उपजिलाधिकारी, तहसीलदार लक्सर तथा निबंधन कार्यालय को विधिवत भेज दिया गया है, जिससे प्रशासन को बार एसोसिएशन के निर्णय से अवगत कराया जा सके।
बैठक में बार एसोसिएशन लक्सर के अध्यक्ष उदय पाल पंवार, सचिव प्रवीण गोयल, उपाध्यक्ष ममता शर्मा, सह सचिव इकराम अली, कोषाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह, पुस्तकालय सचिव दीपांकर कौशिक, आय-व्यय निरीक्षक शब्बन अंसारी सहित कार्यकारिणी सदस्य रजनीश कुमार, विपिन कुमार, वासु अग्रवाल, अली शेर, फौजी सिंह, रविन्द्र कुमार समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
महासभा में अधिवक्ताओं ने एकजुटता का परिचय देते हुए दो टूक कहा कि निर्धारित समय-सीमा में समाधान नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और अधिक तेज किया जाएगा।


