लक्सर के दो विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को दिलाई गई शपथ

विनोद धीमान
हरिद्वार।
क्षेत्र के एचआर पब्लिक स्कूल और जमदग्नि पब्लिक स्कूल में गुरुवार, 12 फरवरी को सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। दोनों विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, वाहन चालकों एवं स्टाफ को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया और अंत में सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।


एचआर पब्लिक स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचाव तथा यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता पर विस्तार से जानकारी दी गई। अभिभावकों को “फर्स्ट रिस्पांडर” की भूमिका और दुर्घटना के बाद के “गोल्डन आवर” के महत्व के बारे में समझाया गया, ताकि आपात स्थिति में घायल व्यक्ति को समय पर उपचार मिल सके।


प्रवर्तन अधिकारी हरीश रावल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का विषय नहीं, बल्कि हर नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही के कारण होती हैं और यदि सभी लोग हेलमेट, सीट बेल्ट और निर्धारित गति सीमा का पालन करें तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक बनने और अपने परिवार को भी नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अनीश सिंघल, प्रवर्तन अधिकारी हरीश रावल, परिवहन सहायक निरीक्षक अरुण कुमार, परिवहन आरक्षी सुश्री नीलम एवं विकास सिंह उपस्थित रहे। विद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प लिया।
वहीं जमदग्नि पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों को सड़क पर सावधानीपूर्वक चलने, यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम में अपनी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को “गोल्डन आवर” और “गुड समैरिटन” कानून के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया। साथ ही नाबालिग द्वारा वाहन चलाने पर लगने वाले जुर्माने एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों और उपस्थित सभी व्यक्तियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के कोऑर्डिनेटर श्री शर्मा, ट्रांसपोर्ट इंचार्ज विकास जमदग्नि, परिवहन कर अधिकारी रविंद्र पाल सैनी, परिवहन सहायक निरीक्षक अनिल कुमार, परिवहन आरक्षी जसपाल पवार, चालक अरविंद कुमार सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
दोनों विद्यालयों में आयोजित इन कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *