हरिद्वार। आईआईटी रुड़की के एमबीए द्वितीय वर्ष के छात्र आशीष शुक्ला, निवासी बनारस, गंगनहर में डूबकर लापता हो गए। बताया जा रहा है कि आशीष अपने दोस्तों के साथ गंगनहर नगर निगम पुल के पास घूमने आए थे। इसी दौरान आशीष नहर के किनारे पहुंचे, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बह गए। दोस्तों ने शोर मचाकर मदद की कोशिश की, लेकिन तब तक छात्र पानी में डूबकर लापता हो चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंचे सिविल लाइंस कोतवाली के एसएसआई मनोज गैरोला ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने जल पुलिस और गोताखोरों को भी मौके पर बुलाया है, जो छात्र की तलाश में जुटे हुए हैं।


