बिना फूड लाईसेंस के चल रही थी फैक्ट्री, खाद्य विभाग ने मारा छापा, कई प्रतिष्ठानों से लिए सैंपल

हरिद्वार। महाशिवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य सामग्री में किसी तरह का कोई मिलावट न हो इसके लिए खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्वे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद के विभिन्न प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की जांच की गयी।


जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी हरिद्वार महिमानंद जोशी ने बताया कि देर रात्रि उपायुक्त गढ़वाल आरएस रावत के नेतृत्व में तथा उनके द्वारा एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन व पवन कुमार की टीम के साथ इब्राहिमपुर स्थित पनीर एवं दही निर्माण इकाई पुंडीर फैक्ट्री में देर रात्रि में छापा मारा। छापे के दौरान फैक्ट्री बिना फूड लाइसेंस के अवैध रूप से संचालित होती पाया गयी। मौके पर अवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने के कारण पनीर निर्माण इकाई को अग्रिम आदेशों तक बंद करा दिया गया तथा मौके पर पनीर एवं दही के दो नमूने लेकर राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर जांच हेतु भेजा गया है। इस कार्रवाई के दौरान पथरी थाना का पुलिस दल भी मौजूद रहा।


उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए कांवड़ पटरी मार्ग चंडी पुल से चिड़ियापुर तक पटरी मार्ग पर स्थित अस्थाई खाद्य स्टॉल एवं भंडारों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान टीम द्वारा कूड़े का उचित निस्तारण करने, रेट लिस्ट चस्पा करने, खाद्य रजिस्ट्रेशन बनवाने की विशेष निर्देश दिए गए।


उन्होंने बताया कि दिलीप जैन के नेतृत्व में इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कोल्ड ड्रिंक के दो गोदाम का निरीक्षण किया गया, निरीक्षण के दौरान माजा एवं फेंटा कोल्ड ड्रिंक के दो नमूने जांच हेतु लिए गए तथा निरीक्षण में पायी गयीं अनिमियताओं के संबंध में दोनों स्टोरेज मालिकों को नोटिस जारी किया गया।


खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में पंत द्वीप पार्किंग में अस्थाई एवं स्थाई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल 12 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया जिसमें तीन खाद्य प्रतिष्ठानों के फूड लाइसेंस न होने के कारण नोटिस जारी किया गया एक रेस्टोरेंट पर कोल्ड्रिंक्स की 6 एक्सपायरी डेट की कोल्ड्रिंक्स पाई गई जिसको मौके पर ही जब्त कर नष्ट कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *