हरिद्वार। नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित शांति हेरिटेज होटल में ठहरी एनआरआई महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक महिला की शिनाख्त 66 अन्ना चौहान के रूप में हुई है। अन्ना चौहान यूके से 17 सदस्यीय दल के साथ भारत घूमने के लिए आई थी। मौके पर पहुंची नगर कोतवाली पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक एक दिन पूर्व हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र स्थित शांति हेरिटेज होटल में एक महिला आकर ठहरी थी।महिला ने अपना नाम अन्ना चौहान बताया। उसके साथ उसके साथी भी होटल में ठहरे थे। मंगलवार सुबह होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की तबीयत बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने पर एम्बुलेंस की मदद से महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में महिला को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
संदिग्ध परिस्थितियों में हुई महिला की मौत की सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव कब्जे में लिया। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में शव को रखवा दिया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि महिला की हार्ट अटैक से मौत हुई है। मामला यूके से जुड़ा हुआ होने के कारण पुलिस प्रत्येक बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक विदेशी महिला कई लोगों के एक दल में शामिल होकर इंग्लैंड से भारत घूमने आई थी।


