चंडी चौदस पर माँ चंडी देवी मंदिर में की गई विशेष आराधना एवं हवन यज्ञ
हरिद्वार। चंडी चौदस के अवसर पर नील पर्वत स्थित सिद्धस्थल मां चंडी देवी मंदिर में महंत रोहित गिरी महाराज द्वारा हवन यज्ञ कर विश्व कल्याण की कामना की गई और श्रद्धालु भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया।

इस दौरान मंदिर प्रांगण में उपस्थित श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए मां चंडी देवी मंदिर परमार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित गिरी महाराज ने कहा कि मां चंडी देवी भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण कर उन्हें मनोवांछित फल प्रदान करती है। मां की आराधना व्यक्ति को सुख, समृद्धि प्रदान कर उसका जीवन भवसागर से पर लगती है। जगत की अधिष्ठात्री देवी मां भगवती समस्त संसार की आसुरी शक्तियों से रक्षा करती है। भक्तों का संरक्षण कर सभी कष्टों का निवारण करती है। अनादि काल से माता अपने आशीर्वाद से जग का कल्याण कर रही है।
महंत रोहित गिरी महाराज ने बताया कि नवरात्र पर्व के दौरान मां के नौ स्वरूप मां चंडी देवी के दर्शन के लिए आते हैं। चंडी चौदस पर विशेष पूजा अर्चना और अनुष्ठान के बाद सभी देवियाँ अपने स्थान पर लौट जाती हैं। मां चंडी देवी दया और करुणा का सागर है। अपनी शरण में आने वाले प्रत्येक दिन दुखी का कल्याण माँ अवश्य करती है। जीवन की सफलता और आत्मा की शुद्धि के लिए मां की आराधना विशेष पुण्य फलदाई है। मां की आराधना से व्यक्ति में उत्तम चरित्र का निर्माण होता है जिससे वह सत्य के मार्ग पर अग्रसर रहकर अपने कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है।
पहाड़ पर विराजमान मां चंडी देवी सभी पर समान रूप से अपनी कृपा बरसाती है। इसलिए सभी को मां के दर्शन अवश्य करने चाहिए। पवित्र मन से की गई मां की आराधना कभी व्यर्थ नहीं जाती। इस अवसर पर पंडित पंकज रतूड़ी, पंडित देशवाल शास्त्री, पंडित राजेश कुकशाल, पंडित नवल किशोर, पंडित अमित बेलवाल, पंडित रोहित डबराल, पंडित मनमोहन कंडवाल, विशाल कश्यप, सुनील कश्यप, मोहित राठौड़, पंडित बैजनाथ भट्ट, मोगली उषा ब्रेको कंपनी से मनोज डोभाल, अवनीश त्रिपाठी, त्रिलोक शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु भाग उपस्थित रहे।