रहस्य में घिरी युवक की मौत: चाकू से खुद को किया घायल या सीढ़ियों से गिरने से गई जान? पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

विनोद धीमान

हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के टिकोला गांव में 42 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। शुरुआती जानकारी में मामला शराब के नशे में आत्मघाती कदम उठाने का सामने आया, लेकिन बाद में परिजनों ने दावा किया कि युवक की मौत सीढ़ियों से गिरने के कारण हुई। विरोधाभासी बयानों के चलते पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार टिकोला गांव निवासी रविंद्र (42) मंगलवार रात शराब के नशे में घर पहुंचा। घर पहुंचने पर पत्नी से शराब पीने को लेकर विवाद हो गया। प्रारंभिक सूचना के अनुसार विवाद के दौरान उसने आवेश में आकर चाकू से खुद पर वार कर लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


घायल रविंद्र को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे हरिद्वार के दूसरे निजी अस्पताल और बाद में जौलीग्रांट अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मामले ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब परिजनों ने पुलिस को बताया कि रविंद्र ने खुद पर हमला नहीं किया था, बल्कि वह घर की सीढ़ियों से फिसलकर गिर गया था, जिससे उसकी जान गई। घटना की जानकारी पुलिस को अस्पताल से डेथ मेमो मिलने के बाद हुई।


विरोधाभासी बयानों को देखते हुए पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मौत चाकू के घावों से हुई या सीढ़ियों से गिरने के कारण।


पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *