अल्मोड़ा जेल में बंद कुख्यात कलीम ने मांगी थी रंगदारी
हरिद्वार। प्रापर्टी डीलर के घर फायरिंग करने और उससे एक करोड़ की फिरौती मांगने के आरोपी फरार इनामी बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकद्मा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक आर्यनगर ज्वालापुर निवासी प्रॉपर्टी डीलर को कॉल कर एक करोड़ रूपए की फिरौती मांगने सम्बन्धी मामले में लगभग 03 वर्षों से फरार चल रहे 5 हजार के इनामी आरोपित नवीन को गठित पुलिस टीम ने हिसार हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक अल्मोड़ा जेल में बंद अपने भाई को मिलने गए अभियुक्त नवीन की आईडी पर लिए गए सिम से ही कुख्यात गैंगस्टर कलीम ने प्रॉपर्टी डीलर को कॉल कर 01 करोड़ की फिरौती मांगी थी। उसके बाद धमकाने की नियत से गैंगस्टर कलीम ने अपने गुर्गों से प्रॉपर्टी डीलर के घर पर फायरिंग की घटना को भी अंजाम दिया था।
फरार चल रहे अभियुक्त की गिरफ्तारी के पुलिस ने अनेक प्रयास किए। आखिरकार पुलिस ने आरोपित नवीन कुमार पुत्र जगबीर सिंह ग्राम चंदवा थाना सदर हांसी जिला हिसार हरियाणा को उसके घर से दबोच लिया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकद्मा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।


