पुलिस ने आम के बाग में मृत मिली महिला की हत्या का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म करने में असफल होने पर इस घटना को अंजाम दिया था।
जानकारी के मुताबिक 16 मई को काशीपुर क्षेत्र निवासी एक युवक ने तहरीर देकर बताया कि उसकी मां 15 मई की सुबह अपने खेत में चारा काटने के लिए गई हुयी थी। जब काफी देर बाद उसकी मां वापस घर नहीं लौटी तो परिवार वालों द्वारा खोजबीन की गयी। जहां उसकी मां भगवंतपुर, काशीपुर स्थित एक आम के बाग में आम के पेड़ में अपनी साड़ी के फंदे में लटकी हुई थी। उनके मुंह तथा होठों आदि शरीर पर चोट के निशान थे। नागेन्द्र ने शक जताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी मां की हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देकर पेड़ से लटका दिया है।
टंगे हुये स्थान से करीब 13-14 कदम दूर मृतका की चूडि़यां टूटी हुयी पड़ी थीं, जिससे लग रहा था कि अभियुक्त एवं मृतका के बीच हाथापाई हुई थी। घटना स्थल के पास ही मृतका की दरांती पड़ी हुयी थी, जिस पर खून के निशान लगे हुये थे।
पुलिस ने इस घटना के खुलासे के लिए कई टीमों का गठन कर संदिग्ध लोगों की जांच पड़ताल तथा पूछताछ की। मोबाइल सर्विलांस व सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर एसआई कपिल कम्बोज की टीम ने घटना स्थल के पास खेत में एक 20-21 वर्ष के लड़के द्वारा एक महिला को घास का गट्ठर उठाने में मदद की गयी थी। उक्त महिला से संदिग्ध का हुलिया एवं कपड़ों का रंग पूछकर आने-जाने वाले रास्तों की सीसीटीवी कैमरे चैक किये गये, जिनमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। जिसकी फोटो निकाल कर क्षेत्र के मुखबिरों को दिखाई गयी तो उसकी पहचान मनोज कुमार उर्फ विनोद के रूप में हुई।
विनोद कुमार ने पूछताछ में अपना जुर्म कुबूल कर लिया। बताया कि दुष्कर्म के इरादे से उसने महिला से जबरदस्त की थी, विरोध करने पर उसने उसका गला दबा दिया और फिर आम की टहनी पर टांग दिया। बताया वह धनौरी गांव का रहने वाला है तथा ग्रेट मिशन स्कूल, हिम्मतपुर, रामनगर की स्कूल बस में हैल्परी की नौकरी करता है और धनौरी, प्रतापपुर में अपने बड़े भाई के साथ रहता है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकद्मा दर्ज कर उसका चालान कर दिया है।


