हरिद्वार। एक अज्ञात वाहन ने एक महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के थाना राजेन्द्र ग्राम जनपद अनूपपुर निवासी मिथिलेश पटवार पत्नी छोटे लाल भगवानपुर जनपद हरिद्वार के थाना क्षेत्र के रायपुर में एंक कंपनी में कर्मचारी थी। महिला देर रात ड्यूटी से लौट रही थी, महिला जैसे ही सिसौना गांव के पास हाईवे पर पहुंची तो किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला छिटककर दूर जा गिरी, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रूड़की सिविल अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने महिला के परिजनों को सूचना दे दी है। बताया गया कि महिला भगवानपुर के मक्खनपुर में किराए के मकान में रहती थी। महिला के दो बेटी और एक बेटा है। बेटी महिला के साथ रहती है। जबकि बेटा पिता के साथ मध्य प्रदेश में रहता है। पुलिस आरोपी वाहन चालक की तलाश में जुटी है।


