खनन पर बड़ी कार्यवाही, 02 स्टोन क्रेशर व 01 ट्रैक्टर किया सीज

हरिद्वार। जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय के निर्देशों के क्रम में अवैध खनन, भण्डारण व खनन सामग्री ले जाने पर लगातार खनन व राजस्व विभाग की कार्यवाही कर रही है। रविवार को एसडीएम हरिद्वार व खनन अधिकारी प्रदीप कुमार ने टीम के साथ औचक निरीक्षण पर कटारपुर पहुंचे। जहां ग्राम कटारपुर में एक ट्रैक्टर सामने से आता दिखा, जिसमें ग्रीट भरी हुयी थी। वाहन चालक से ई रव्वना तथा भरे उपखनिज सम्बंधित वैध दस्तावेज दिखाने के लिए कहा, जिसे वह नहीं दिखा पाया। ट्रैक्टर चालक ने ट्रैक्टर सं. यूके 08 सीए 7623 छोड़ने के लिए कई सिफारिशें कीं, किन्तु खनन अधिकारी ने ट्रैक्टर को सीज कर श्री साई स्टोन क्रेशर, कटारपुर के मुंशी को सुपुर्द कर दिया।


ग्राम कटारपुर में स्थित 02 स्टोन क्रेशर में रात को बुगियों के माध्यम से अवैध उपखनिज क्रय की सूचना मिलने पर औचक निरीक्षण पर खनन अधिकारी व नायब तहसीलदार फेरुपुर के नेतृत्व में राजस्व विभाग व खनन विभाग की टीम द्वारा कटारपुर में स्थित शिव शक्ति स्टोन क्रेशर की जांच की। स्टोन क्रेशर के ई रवन्ना पोर्टल व मौके पर जमा उपखनिज में कोई भिन्नता नहीं पायी गयी, परन्तु मौके पर स्टोन क्रेशर के गेट के अंदर अवैध खनन सामग्री पाई गई। जिस पर स्टोन क्रेशर की ई रवन्ना पोर्टल आईडी तत्काल बन्द कर स्टोन क्रेशर को सीज कर दिया गया। मौके पर स्थित स्टोन क्रेशर मुंशी को हिदायत दी गयी है कि अग्रिम आदेशों तक प्लांट में सभी कार्य स्थगित रखें।


इसके उपरांत राजस्व व खनन की टीम श्री साईं स्टोन क्रेशर, कटारपुर पहुंची। जहां स्टोन क्रेशर प्लांट में ई रवन्ना पोर्टल से 368 घन मीटर उपखनिज अधिक जमा पाया गया। अधिकिारियों ने तत्काल स्टोन क्रेशर को सीज कर दिया। खनन विभाग व राजस्व विभाग की इस कार्यवाही से क्षेत्र में हडकम्प मचा हुआ है। खनन अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के क्रम में जनपद में अवैध खनन पर लगातार कार्यवाही जारी है।
अवैध खनन के विरूद्ध इस कार्यवाही में खनन अधिकारी हरिद्वार प्रदीप कुमार, नायब तहसीलदार फेरुपुर रमेश चन्द्र, कानूनगो फेरुपुर सुरेंद्र सिंह, खनिज मोहर्रिर, खनन विभाग माधो सिंह व खनन व राजस्व विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *