हरिद्वार। संत निरंकारी मिशन की हरिद्वार शाखा द्वारा सतगुरु माता सुदीक्षा महाराज की प्रेरणा से मानवता की सेवा के उद्देश्य से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन रानीपुर विधायक आदेश चौहान तथा जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
संत निरंकारी मिशन द्वारा संचालित संत निरंकारी चौरिटेबल फाउंडेशन के माध्यम से आयोजित इस रक्तदान शिविर में सेवादल, एसएनसीएफ एवं साध संगत के कुल 175 स्वयंसेवकों ने पंजीकरण कराया। इनमें से 120 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। रक्त संग्रहण का कार्य हरिद्वार एवं रुड़की ब्लड बैंक की चिकित्सकीय टीमों द्वारा संपन्न कराया गया।

इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान एवं हरिद्वार की मेयर किरण जैसल ने मिशन के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संत निरंकारी मिशन रक्तदान जैसे मानवीय कार्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा दे रहा है और मानवता की सेवा में सदैव अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा जी की शिक्षा है रक्त नाड़ियों में बहे, नालियों में नहीं। उन्होंने कहा कि रक्तदान ऐसा महान कार्य है जिसमें यह नहीं देखा जाता कि रक्त किस व्यक्ति को मिलेगा, बल्कि यह मानव जीवन बचाने का माध्यम बनता है और मानवीय मूल्यों को सशक्त करता है।
उनके सान्निध्य में आयोजित सत्संग एवं सेवा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। सभी रक्तदाताओं ने उत्साह एवं सेवा भावना के साथ स्वैच्छिक रक्तदान किया। रक्त संग्रहण में शामिल चिकित्सकों तथा उपस्थित अतिथियों ने मिशन द्वारा निःस्वार्थ भाव से किए जा रहे सेवा कार्यों की प्रशंसा की।


