भाजपा नेता की गाड़ी से कथित टक्कर में गोवंश की मौत का आरोप, कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी से की मुलाकात
हरिद्वार। बैरागी कैंप क्षेत्र में कथित तौर पर भाजपा नेता की गाड़ी की चपेट में आने से तीन गायों की मौत के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। शनिवार को कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी शिशुपाल नेगी से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष जांच और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि तीन गोवंश की मौत का मामला बेहद संवेदनशील है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की मांग की।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी ने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। किसी भी राजनीतिक प्रभाव या दबाव के कारण कार्रवाई में देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
वहीं, कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा ने कहा कि यदि पुलिस जांच में वाहन चालक की लापरवाही या तेज गति से वाहन चलाने की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी की जानी चाहिए। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सीओ सिटी से मामले की निष्पक्ष जांच के साथ-साथ घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा, वरिष्ठ नेता मनोज सैनी, सोम त्यागी, ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा, जिला प्रवक्ता अमित अवस्थी, एससी विभाग के प्रदेश कॉर्डिनेटर अक्षय नागपाल, रानीपुर विधानसभा अध्यक्ष नंद लाल यादव, विवेक त्यागी समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।


