खाली घर को बनाया था निशाना, 24 घंटे में शातिर गुलशेर गिरफ्तार, जेवर-नकदी बरामद

हरिद्वार। कोतवाली कलियर क्षेत्र के मेहवड़कला गांव में दिनदहाड़े हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, नगदी और वारदात में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की है। यह कार्रवाई “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई, जिसके अंतर्गत जिले में आपराधिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।


जानकारी के मुताबिक पीड़ित अनिरुद्ध सैनी निवासी मेहवड़कला ने 2 मई को कोतवाली कलियर में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि 29 अप्रैल को उनका परिवार घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोर ने उनके घर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी का लॉक तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घर लौटने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने गांव और आसपास के क्षेत्रों में गहन पूछताछ की, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और डिजिटल पुलिसिंग का सहारा लेते हुए करीब 60-70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।


लगातार प्रयासों के बाद देर रात धनौरी रोड स्थित बावन दर्रा के पास नहर पटरी से एक संदिग्ध युवक को इलेक्ट्रिक स्कूटी सहित गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी किए गए जेवरात और 4000 नगद बरामद हुए।


गिरफ्तार आरोपित की पहचान गुलशेर (24 वर्ष) पुत्र नासिर अली, निवासी लंढौरा, थाना मंगलौर, जिला हरिद्वार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह नशे का आदी है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी जैसी घटनाओं को अंजाम देता है। उसने बताया कि घटना वाले दिन उसने घर का गेट खुला देखा और घर में किसी की मौजूदगी न होने पर मौका पाकर चोरी कर ली और नहर पटरी के रास्ते फरार हो गया।


पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, चोरी और जुआ अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2024 में भी वह चोरी के मामले में जेल गया था। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए उसका चालान कर दिया। न्साथ ही उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *