हरिद्वार। जनपद के रुड़की में रविवार को एक मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जब कुछ युवकों ने दो मजदूरों पर दिनदहाड़े फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि दोनों मजदूर इस हमले में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना रुड़की के सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र स्थित सत्ती मोहल्ला की है। यहां बादशाह होटल के पास एक मकान में मंगलौर क्षेत्र के बिझौली गांव निवासी अमजद और गुलशेर पत्थर लगाने का काम कर रहे थे। काम के दौरान दोनों मजदूर मोबाइल फोन चला रहे थे, जिस पर उनके साथ काम कर रहे तेलीवाला गांव के एक युवक ने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवक ने फोन कर अपने तीन साथियों को मौके पर बुला लिया।
दो राउंड फायरिंग, इलाके में मचा हड़कंप
कुछ ही देर में चारों युवक मौके पर पहुंचे और आते ही दोनों मजदूरों पर जानलेवा हमला करते हुए दो राउंड फायरिंग कर दी। अचानक चली गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के दुकानदार और लोग बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जमा हो गई। भीड़ जुटता देख सभी आरोपी एक बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


