करौली शंकर महाराज ने पीएम मोदी के जन्मदिवस पर 76 किलो का लड्डू काटकर मनाया उत्सव


हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर मिश्री मठ में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 76 किलो के लड्डू का केक काटकर मिष्ठान वितरित किया गया। प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना के साथ हवन, पौधारोपण और अन्न क्षेत्र वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

श्री अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक एवं नया अखाड़ा के महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने राम मंदिर निर्माण और अनुच्छेद 370 हटाए जाने को केंद्र सरकार के कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियां बताया।


उन्होंने कहा कि मिश्री मठ की ओर से रोग, शोक और नशामुक्ति के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उनका कहना था कि देश को इन समस्याओं से मुक्त कर सशक्त बनाना विकसित राष्ट्र की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि मां गंगा और बाबा केदार का आशीर्वाद उन्हें प्राप्त होता रहे।


श्री पंचायती बड़ा अखाड़ा उदासीन के कारोबारी महंत गोविंद दास महाराज ने कहा कि मिश्री मठ द्वारा प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को मानव सेवा दिवस के रूप में मनाना सराहनीय पहल है। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के विकास और विभिन्न क्षेत्रों में हुई प्रगति का उल्लेख किया।


प्रबंधक डॉ. उमेश सचान ने बताया कि पूज्य गुरुदेव के आह्वान पर जन्मदिवस को मानव सेवा दिवस के रूप में आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए हवन, पौधारोपण और अन्न क्षेत्र का आयोजन किया गया। संस्था के अनुयायियों द्वारा देशभर में 21 हजार पौधे रोपने का कार्यक्रम भी चलाया गया।


कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता अनिरुद्ध भाटी, अनिरुद्ध शर्मा, सतपाल सिंह, मौली स्वामी, परमेश्वर, आशुतोष स्वामी, गिरिश स्वामी, मनीष कुमार, संतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में अनुयायी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *