हरिद्वार। शहर कोतवाली क्षेत्र के निर्मला छावनी में आपसी विवाद के दौरान हुए झगड़े ने एक युवक की जान ले ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गैरइरादतन हत्या के आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल को निर्मला छावनी निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली नगर हरिद्वार में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 23 अप्रैल की रात उसके छोटे भाई दीपक सक्सेना का पड़ोसी सौरभ कौरी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर ईंट से दीपक पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल दीपक को तत्काल उपचार के लिए एम्स ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के आधार पर नगर कोतवाली में आरोपित सौरभ कौरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संभावित स्थानों पर दबिश दी। पुलिस ने आरोपी को हिलवाई पास रोड स्थित जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि झगड़े के दौरान मृतक द्वारा गाली देने पर उसने गुस्से में आकर पास पड़ी ईंट उठाकर वार कर दिया। घटना के बाद जब उसे दीपक की मौत की जानकारी मिली, तो वह डर के कारण जंगल में छिप गया था।
पुलिस ने आरोपी सौरभ कौरी उम्र 25 वर्ष, पुत्र रामदास कौरी, निवासी निर्मला छावनी के खिलाफ पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए उसका चालान कर दिया है।


