दो बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल, हायर सेंटर रेफर

विनोद धीमान

हरिद्वार। हरिद्वार-लक्सर रोड हादसों का हब बनता जा रहा है। सिंगल रूट होने के कारण सड़क पर लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव के बीच आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। मंगलवार देर रात एक बार फिर पतंजलि फूड पार्क से पहले बिसलेरी प्लांट के पास दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पदार्था में दो दिन पूर्व भी दो बाइक सवार युवकों की सड़क हादसे में मौत हुई थी।

हादसे की सूचना देर रात करीब 108 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना पर फेरुपुर चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को धनपुरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में चिकित्सकों ने हिमांशु (20) पुत्र राजकुमार, निवासी रानीमाजरा, थाना पथरी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल विशाल पुत्र अमर सिंह, निवासी घिस्सुपुरा, थाना पथरी की हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

सिंगल रूट पर बढ़ता दबाव, लगातार हो रहे हादसे
हरिद्वार-लक्सर रोड लंबे समय से यातायात के बढ़ते दबाव से जूझ रहा है। सड़क के सिंगल रूट होने के कारण आमने-सामने से गुजरने वाले वाहनों के बीच हादसे का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन सड़क की क्षमता उसी अनुपात में नहीं बढ़ी है। ऐसे में इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं।

पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पथरी थाना अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि 108 के माध्यम से हादसे की सूचना मिली थी। फेरुपुर चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हिमांशु को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि विशाल को हायर सेंटर रेफर किया गया है। मृतक के परिजनों को सूचना देने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए हरिद्वार चिकित्सालय भेज दिया है। पुलिस टीम हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *