सुल्तानपुर एटीएम पर शातिर की चाल, पलभर में खाली हुआ खाता
विनोद धीमान
हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर से एटीएम फ्रॉड की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। महतोली गांव निवासी एक युवक के साथ शातिर ठग ने एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने सुल्तानपुर पुलिस चौकी में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
महतोली गांव निवासी अनित ने पुलिस को बताया कि उसका खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) में है और उसके पास एटीएम कार्ड है। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे वह सुल्तानपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम पर एसबीआई कार्ड से पैसे निकालने पहुंचा।
एटीएम मशीन में कार्ड काम न करने पर पास खड़े एक अज्ञात व्यक्ति ने मदद का झांसा देकर एटीएम में कार्ड लगाने और एंट्री कराने की बात कही। इसी दौरान उसने चालाकी से अनित का एटीएम कार्ड बदल लिया। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित के खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए।
कुछ ही देर बाद जैसे ही मोबाइल पर खाते से रुपये निकलने का मैसेज आया, अनित के होश उड़ गए। पीड़ित ने तुरंत सुल्तानपुर पुलिस चौकी में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
इस संबंध में सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में ले लिया गया है और घटना की जांच की जा रही है।


