हरिद्वार। कनखल थाना क्षेत्र के प्रेमनगर चौक स्थित गंगा घाट पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा स्नान के दौरान 20 वर्षीय युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस और जल पुलिस की टीम ने देर शाम तक युवक की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।
लापता युवक की पहचान हिमांशु रुवाली पुत्र गिरीश चंद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नैनीताल जिले के खर्नस्यु का निवासी था और वर्तमान में देहरादून के टपकेश्वर कॉलोनी में रह रहा था। बताया जा रहा है कि हिमांशु शुक्रवार को अपने 4-5 दोस्तों के साथ बस से हरिद्वार घूमने आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सभी युवक कनखल क्षेत्र के प्रेमनगर घाट पर गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान हिमांशु ने घाट पर लगी सुरक्षा रेलिंग को पार करने का प्रयास किया। अचानक पैर फिसलने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गंगा की तेज धारा में बह गया। युवक को बहता देख उसके दोस्तों में हड़कंप मच गया और उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी।
मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी युवक को बचाने और तलाशने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक के साथियों व परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। इसके बाद जल पुलिस को बुलाकर गंगा में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
हालांकि, देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया। अंधेरा बढ़ने के कारण सर्च अभियान को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है, जिसे शनिवार सुबह फिर से शुरू किया जाएगा।
प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि हिमांशु और उसके दोस्त एक निजी कंपनी के शोरूम में कार्यरत हैं। पुलिस ने युवक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और मामले की जांच जारी है।


