दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने चाफी के निकटवर्ती परिताल गया युवक झरने में नहाने के दौरान अचानक डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक की तलाश में सर्च अभियान चलाया। बहरहाल युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार को हल्द्वानी एमबीपीजी डिग्री कॉलेज के पीछे दुर्गा सिटी सेंटर निवासी चिन्मय जीना अपने छह दोस्तों के संग परिताल आया था। शाम को दोस्त का जन्मदिन मनाने के बाद सभी परिताल में नहाने लगे। इसी दौरान चिन्मय डूब गया। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह नाकामयाब रहे।
मुक्तेश्वर थाना अध्यक्ष ने बताया हल्द्वानी से छह युवक जन्मदिन मनाने भीमताल आए थे। परिताल में जाकर नहाने के दौरान एक युवक डूब गया। युवक की उम्र 18 साल बताई जा रही है। घटना देर शाम को होने के चलते सूचना देर से मिली। मौके पर एसडीआरएफ की टीम पहुंची। युवक की तलाश में सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन अभी तक युवक का पता नहीं चल पाया।