विजय संकल्प रैली में योगी-योगी के गूंजे नारे, भाजपा प्रत्याशी त्रिवेंद्र के पक्ष में मतदान की अपील
हरिद्वार। भाजपा प्रत्याशी त्रिवेन्द्र सिंह रावत के पक्ष में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रुड़की में विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। उन्होंने इंडिया गठबंधन पर निशाना साधा तथा मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई।

रुड़की के नेहरू स्टेडियम में आयोजित विजय संकल्प रैली को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना भाषण गंगा मैया की जय के साथ शुरू किया। उन्होंने कहा कि वह देवभूमि को नमन करते हैं। कहा कि आज बाबा साहब की जयंती है और उन्हें असली सम्मान भाजपा ने दिलाया। कहा कि भाजपा ने भगवान श्रीराम का मंदिर बनवाया। जबकि कांग्रेस ने तो राम को मानने से ही इंकार कर दिया था। योगी ने कहा उन्होंने और त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुख्यमंत्री रहते हुए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई मामलों का निस्तारण किया। उत्तराखंड में पिछली सरकारों ने जो नुकसान पहुंचाया दोनों भाजपा सरकारों ने सुलझाया।
कहा कि अयोध्या की तर्ज पर हरिद्वार को बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराधी लोगों को भगवान के बताए मार्ग पर चलना होगा राम को मानना होगा जो अपराधी राम को नहीं मानेगा उसका राम नाम सत्य होगा। देश की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी है। कहा कि बदमाशों को इस लायक नहीं छोडूंगा की वह उत्तराखंड को नुकसान पहुंचा सकें। उन्होंने कहा कि पूरे देश में एक ही आवाज है कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी घर-घर नहीं जा सकते, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को रावत और मोदी के हाथों को मजबूत करने के लिए उनके पक्ष में मतदान की अपील करनी होगी।
कहा कि जब मोदी जी गुजरात के सीएम थे, तो सीएम रहते हुए मोदी जी ने जो अनुभव अर्जित किया है, उसका लाभ आज देश ले रहा है। पासपोर्ट की कीमत बढ़ी है, भारत में जो लोग घुसपेठ करते थे, उनकी हालात आज ऐसी है कि यदि पटाखा भी फुट जाए तो, पड़ोसी देश कहता है यह हमने नही किया है। क्योंकि उन्हें डर है, यदि थोड़ी भी चूक हुई तो लेने के देने पड़ जायेंगे। आज भारत के अंदर मजबूत सरकार है, न की मजबूर सरकार। आज भारत देश में इंफ्रास्ट्रक्चर आईआईटी, एआईआईएम, रेलवे, हवाई अड्डे, हर घर नल, डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज, मोदी सरकार ये सभी विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।
कहा कि देश में कांग्रेस ने सिर्फ समस्याएं दी है, आतंकवाद हो, नक्सलवाद हो, भ्रष्टाचार हो, परिवार वाद हो, जातिवाद हो, उन्होंने कहा की आज देश तय करेगा एक तरफ राष्ट्र प्रथम है, दूसरी ओर कॉन्ग्रेस व अन्य दलों का परिवार वाद प्रथम है। विपक्ष परिवार से बाहर नहीं निकल पाता।, भाजपा के लिए राष्ट्र प्रथम है। कहा कि त्रिवेंद्र सिंह प्रचारक के रूप में कार्यरत रहे। जो देश के लिए समर्पण के भाव के साथ कार्य कर सकता है, वही राष्ट्र के बारे में सोच सकता है। यह चुनाव राष्ट्र प्रथम और परिवार प्रथम के बीच का चुनाव है।
लोकसभा हरिद्वार प्रत्याशी त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि आज योगी जी को देखने के लिए अपार संख्या में भारतीय जनता पार्टी के समर्थक पहुंच रहे हैं, क्योंकि उन्हें पता है उन सबका प्रतिनिधित्व योगी जी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं। इस अवसर पर हरिद्वार सांसद डॉक्टर रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि आने वाले चुनाव में विपक्षियों को प्रत्याशी नहीं मिल रहे हैं, रोज विपक्षी पार्टी के नेता भाजपा में आ रहे हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि उनका भविष्य भाजपा में ही सुरक्षित है।
रैली को केबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, विधायक मदन कौशिक, विधायक प्रदीप बत्रा, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल, ब्लाक प्रमुख कविंद्र चौधरी, पूर्व विधायक सुरेश राठौर, पूर्व विधायक संजय गुप्ता आदि ने भी संबोधित किया।