शादी की खुशियां मातम में बदली, अज्ञात वाहन की टक्कर से ग्रामीण की मौत

विनोद धीमान
हरिद्वार।
शादी की खुशियों से गूंज रहा घर का माहौल कुछ ही पलों में मातम में बदल गया। सड़क पार करते समय एक अज्ञात वाहन की टक्कर ने एक ग्रामीण की जान ले ली और चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
घटना लक्सर कोतवाली क्षेत्र के टिक्कमपुर गांव की है, जहां शुक्रवार देर रात एक बारात गांव लौटकर पहुंची थी। बस से उतरकर सड़क पार कर रहे रोहतास पुत्र सीताराम को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि रोहतास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक के परिजनों ने सुल्तानपुर पुलिस चौकी में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है।


पुलिस चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है। वाहन की पहचान होते ही आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शादी की खुशियों के बीच हुई इस दर्दनाक घटना ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया और गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *